भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रदेशव्यापी अभियान तेज करते हुए पिछले पांच दिनों में 1.43 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की मादक सामग्री और संबंधित संपत्ति जब्त की है। विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में गांजा, एमडी ड्रग्स, अफीम और स्मैक बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
सबसे बड़ी कार्रवाई शहडोल जिले में हुई, जहां पुलिस ने लगभग चार क्विंटल गांजा जब्त किया। इस कार्रवाई में तीन चारपहिया वाहन और सात मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 75 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई।
मंदसौर जिले में नाहरगढ़ और अफजलपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक किलोग्राम एमडी ड्रग्स तथा अवैध डोडा चूरा बरामद किया। इन मामलों में कुल जब्ती 38 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। वहीं रतलाम पुलिस ने भी एमडी ड्रग्स और अफीम की बड़ी खेप पकड़ने में सफलता हासिल की।
राजगढ़ जिले में “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत पुलिस ने तस्करी की स्मैक के मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा गुना, भोपाल, रीवा, जबलपुर, सीहोर, बैतूल और उज्जैन जिलों में भी मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाकर कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में नशे के नेटवर्क के खिलाफ सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी तथा नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
