
जबलपुर। सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से मौसम का मिजाज बदलने वाला है। पारा चढऩे के साथ आंधी, लू चलने के आसार है। इसके साथ ही बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले दो हफ्तों में दिन एवं रात का तापमान बढऩे की संभावना है। 21-28 मई को हल्की वर्षा की भी संभावना है। शनिवार से 20 मई तक जिले में दिन का तापमान 43 से 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। जबकि रात का पारा 28 से 30 डिग्री के बढऩे के साथ गर्म हवा चलने की संभावना है। इसके अलावा आँधी के साथ गरज चमक के साथ वर्षा भी होने की उम्मीद है। शुक्रवार को सुबह से सूर्यदेव के तेवर उग्र रहे। दिन चढऩे के साथ सूरज और गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ाए। बिना कूलर, पंखे, एसी के रहने वाला मुश्किल हो रहा था ।
यह सिस्टम है सक्रिय-
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ जम्मू और संलग्न उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर माध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में स्थित है। पूर्वी मध्य प्रदेश और संलग्न क्षेत्रों के ऊपर माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है। पूर्व-पश्चिम ट्रफ अब पश्चिम मध्य प्रदेश से लेकर पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तरी गांगेय पश्चिम बंगाल होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक माध्य समुद्र तल से 0.9 किमी की ऊंचाई पर विस्तृत है।
ऐसा रहा तापमान-
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री पर पहुंच गया जो सामान्य से 1 अधिक रहा । सुबह के वक्त आद्रता 50 और शाम को 35 प्रतिशत दर्ज की गई। पश्चिमी हवाएं 4 से 5 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली।
