भोपाल। भोपाल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल ने शहर के ऑटो चालकों के लिए निशुल्क हेल्थ कैंप आयोजित किया. यह पहल ऑटो संचालकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनकी सेहत की देखभाल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई. कैंप में ऑटो संचालकों को निशुल्क स्वास्थ्य परामर्श, शुगर जांच, ब्लड प्रेशर (बीपी) की जांच जैसी सुविधाएं प्रदान की गईं. इसके साथ ही सभी प्रतिभागियों को निशुल्क पानी की बोतल और ओआरएस (ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन) का वितरण भी किया गया.
हॉस्पिटल के डायरेक्टर डॉ ज़ीशान अहमद ने इस अवसर पर कहा कि ऑटो संचालक हमारे समाज का एक अभिन्न हिस्सा हैं, लेकिन उनकी सेहत की अनदेखी चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर व्यक्ति स्वस्थ रहे, और इसके लिए हम भविष्य में भी ऐसे आयोजन करते रहेंगे. कैंप में करीब 200 से अधिक ऑटो संचालकों ने हिस्सा लिया. डॉ अहमद ने कहा कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक कदम है, बल्कि समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है.
