
इंदौर। बिचौली मर्दाना क्षेत्र में एक बहुमंजिला इमारत के छठे फ्लैट में फ्रिज में हुए धमाके के बाद भीषण आग लग गई. घटना के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया और कोई जनहानि नहीं हुई.
जानकारी के अनुसार आग नोबल अस्पताल में कार्यरत नर्स बिंदु के फ्लैट में लगी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फ्रिज में हुए तेज धमाके के बाद आग भड़की, जिसने देखते ही देखते पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया. धुआं और लपटें उठते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन फ्लैट में रखा घरेलू सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया. दमकल विभाग अब आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहा है. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
