ग्राइंडर कटर गर्दन में फंसने से मोटर वाइंडर की दर्दनाक मौत

मूंदी। नगर के पालसूद रोड पर गुरुवार दोपहर एक हृदयविदारक दुर्घटना घटित हुई। यहाँ अपनी दुकान पर काम कर रहे मोटर वाइंडर की ग्राइंडर मशीन का कटर अचानक उछलकर गर्दन में लगने से मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महाजन मोहल्ला निवासी 48 वर्षीय कमलेश गंगराडे पालसूद रोड स्थित अपनी मोटर वाइंडिंग की दुकान पर रोजमर्रा की तरह कार्य कर रहे थे। दोपहर के समय जब वे ग्राइंडर मशीन का उपयोग कर रहे थे, तभी अचानक मशीन का कटर तेज गति से उछला और सीधे उनकी गर्दन से जा टकराया। कटर की गति इतनी तीव्र थी कि वह गर्दन में गहरे तक धंस गया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल कमलेश को तत्काल निजी वाहन से मूंदी के शासकीय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि खून इतना अधिक बह चुका था कि डॉक्टरों के परीक्षण से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुँचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कमलेश गंगराडे के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बताया जा रहा है कि उनके बड़े भाई वर्तमान में तीर्थ यात्रा पर गए हुए हैं, ऐसे में घर के मुख्य सदस्य की इस तरह आकस्मिक मृत्यु की खबर ने परिजनों को झकझोर कर रख दिया है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिचित और स्थानीय लोग अस्पताल और उनके निवास पर जमा हो गए। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Next Post

पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष हत्याकांड का खुलासा: मामा के बेटों ने स्कार्पियो से कुचलकर की थी हत्या

Thu May 14 , 2026
दमोह। सागर मार्ग पर देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र ठाकुर उम्र करीब 40 वर्ष की स्कार्पियो कार से कुचलकर हत्या के मामले का बुधवार शाम एसपी के द्वारा जबलपुर नाका स्थित कंट्रोल रूम में खुलासा कर दिया गया है.पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने खुलासा कर बताया […]

You May Like