सारनी। शुद्ध आरो जल से बुझ रही लोगों की प्यास,नगर पालिका परिषद सारनी क्षेत्र में बढ़ती गर्मी को देखते हुए विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख स्थानों पर शुरू किए गए प्याऊ अब लोगों के लिए राहत का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। प्याऊ संचालन से जुड़े ठेकेदार कुबेर डोंगरे ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी प्याऊ में नियमों के अनुरूप शुद्ध आरो (RO) का ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पानी मिल सके।
उन्होंने कहा कि प्याऊ में कार्य करने वाले मजदूरों को भी शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार आवश्यक सुविधाएं एवं व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। नगर क्षेत्र में कहीं भी शुद्ध शीतल पेयजल की कमी नहीं होने दी जाएगी तथा लगातार निगरानी रखकर जल व्यवस्था सुचारु बनाए रखी जाएगी।
तेज धूप और बढ़ते तापमान के बीच राहगीरों, मजदूरों एवं बाजार आने वाले लोगों को इन प्याऊ से बड़ी राहत मिल रही है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका एवं संबंधित व्यवस्था से जुड़े लोगों की पहल को सराहते हुए मांग की है कि पूरे ग्रीष्मकाल के दौरान प्याऊ व्यवस्था निरंतर जारी रखी जाए, ताकि आमजन को गर्मी से राहत मिलती रहे।
