
नरसिंहगढ़। जिले के विभिन्न स्थानों पर स्मॉर्ट मीटर लगाने के विरोध के मामले सामने आ चुके है, बुधवार को नरसिंहगढ़ में स्मॉर्ट मीटर लगाए जा रहे थे इसी बीच लोगों ने इसका विरोध शुरु कर दिया जिसके बाद मीटर लगाने का कार्य फिलहाल रोक दिया गया.
जानकारी के अनुसार नरसिंहगढ़ स्थित वार्ड क्रमांक थावरिया में स्मॉर्ट मीटर लगाने का कार्य बुधवार को शुरु किया गया. पांच-छः घरो में स्मॉर्ट मीटर लगाए ही थे कि मीटर लगाने का विरोध शुरु हो गया. नागरिकों का कहना था कि स्मॉर्ट मीटर काफी तेज रफ्तार से रीडिंग बनाता है. साथ ही यह भी कहते हुए विरोध किया गया कि मीटर लगाने के पूर्व घर मालिक से किसी प्रकार की कोई चर्चा व अनुमति नहीं ली गई. बगैर घर मालिक की स्वीकृति के मीटर लगा दिए गये जो कि सही नहीं है. नागरिकों का कहना है कि वर्तमान में लगे मीटर क्या सही नहीं है जिनके स्थान पर स्मॉर्ट मीटर लगाए जा रहे है. लोगों के बढ़ते विरोध के बाद स्मॉर्ट मीटर लगाने का कार्य रोक दिया गया.
गौरतलब है कि इसके पूर्व ब्यावरा में विगत दिवस स्मॉर्ट मीटर लगाने पर यहां भी इसका विरोध हुआ था. जिले के अन्य जगहों पर भी स्मॉर्ट मीटर लगाए जाने पर विरोध के मामले सामने आये है.
