केंद्र से इंदौर को डेढ़ सौ बसों की सौगात, कलारिया से झलारिया तक 10 ई-बसों का शुभारंभ

इंदौर: स्मार्ट सिटी इंदौर को केंद्र सरकार की ओर से डेढ़ सौ ई-बसें मिली है. उक्त बसें शहरी विकास को बढ़ाने और शहरों में आम जनता को लोक परिवहन की बेहतर सुविधा देने के लिए दी गई है. आज उक्त डेढ़ सौ बसों में से 10 ई-बसों को दो गांव कलारिया से झलारिया के बीच शुरू किया गया. बसों को सांसद शंकर लालवानी और विधायक मधु वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.

शहर में कलारिया से झलारिया तक 10 ई-बसों का शुभारंभ सांसद शंकर लालवानी एवं राऊ विधायक मधु वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया. केंद्र सरकार द्वारा इंदौर में लोक परिवहन की बेहतर सुविधा देने के लिए 150 ई -बसें मिली है. उपरोक्त दोनों गांवों को लोक परिवहन के द्वारा शहर के साथ जोड़ने से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को सहायता मिलेगी. ग्रामीण क्षेत्रों की शहर से कनेक्टिविटी होने से विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों, कामकाजी लोगों एवं ग्रामीण अंचलों से शहर आने-जाने का लाभ मिलेगा.

इस मौके पर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि ग्रामीण अंचलों तक भी बेहतर सड़क, परिवहन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है. इसी सोच के साथ केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री ई-बस सेवा से परिवहन व्यवस्था मजबूती मिल रही है. साथ ही नागरिकों को स्वच्छ एवं हरित परिवहन सेवा उपलब्ध होगी. इस अवसर पर विधायक मधु वर्मा ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास की सुविधाएं केवल शहरों तक सीमित न रहें, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों को भी पूरा लाभ मिले. उन्होंने कहा कि कलारिया से झलारिया तक लोक परिवहन सेवा प्रारंभ होने से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. बसों को शुरू करने के दौरान विश्वजीत सिसोदिया, रामस्वरूप गहलोत, दिलीप पटेल, कपिल जैन, कैलाश चौधरी, रवि चौधरी, दिनेश मादिवाल सहित अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, क्षेत्र के बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे.

कलारिया मेरा आदर्श ग्राम
सांसद शंकर लालवानी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि कलारिया मेरा आदर्श ग्राम है. मैंने इस गांव को गोद लिया है. इस गांव के विकास के प्रति मेरी विशेष प्रतिबद्धता है. मेरा प्रयास है कि कलारिया में विकास के ऐसे कार्य हों, जिनका लाभ वर्तमान पीढ़ी के साथ आने वाली पीढ़ियों को भी मिले. गांव में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार, बेहतर आवागमन, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और अन्य आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाना है.

Next Post

फायर सेफ्टी संसाधन नहीं होने पर 10 प्रतिष्ठान सील

Tue Nov 17 , 2026
इंदौर. नगर निगम द्वारा आज शहर में फायर सेफ्टी नहीं होने पर कई संस्थाओं को सील करने की कार्रवाई की गई. इसके तहत नगर निगम के झोन 16 और 13 में भवन अधिकारी और भवन निरीक्षक ने कई भवनों, कोचिंग, हॉस्टल और रेस्टोरेंट की जांच की. जांच में झोन 16 […]

You May Like