
सुठालिया। बुधवार की शाम को सुठालिया के समीप चौकी के यहां एक सीमेंट के कंटेनर और बाइक के बीच आमने-सामने हुई जोर की टक्कर में बाईक सवार दो ग्रामीण का प्राणांत हो गया.
पुलिस के अनुसार ग्राम खनोटा निवासी भेरु सिंह सौंधिया उम्र 55 वर्ष एवं ग्राम सलेहपुर निवासी लाखन सौंधिया उम्र 35 वर्ष बाईक पर सवार होकर ब्यावरा से सुठालिया की तरफ आ रहे थे तभी चौकी के यहां ब्यावरा तरफ तेज रफ्तार से जा रहे सीमेंट के कंटेनर और बाईक के बीच आमने-सामने जोर की भिड़ंत हो गई. दुर्घटना में बाईक सवार भेरु सिंह ने गंभीर चोट के चलते मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि गंभीर रुप से घायल हुए लाखन सौंधिया को सुठालिया अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सक डा. सांकेत मिश्रा द्वारा उन्हें भी मृत घोषित कर दिया गया. पुलिस ने कंटेनर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद कंटेनर चालक मौके पर से फरार हो गया. पुलिस ने कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया है.
दोनों गांव में शोक छाया
घटना से ग्राम खनोटा एवं सलेहपुर में गहरा शोक छा गया. घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में दोनों गांवों के ग्रामीणजन सुठालिया अस्पताल पहुंचे. ग्रामीणजन के परिजन, रिश्तेदारों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन अस्पताल आये.
