सीहोर। मौसम साफ होते ही जिले में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिए हैं. बुधवार को सीहोर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. यह इस सीजन की अब तक की सबसे गर्म रात रही. बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान में 2.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। तापमान में अचानक आई तेजी के कारण दिनभर लू जैसे हालात बने रहे और लोगों को तेज गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा.
इन दिनों सूबे सहित संपूर्ण जिले में भीषण गर्मी के तेवर पूरे शबाव पर हैं. आसमान से बरस रही आग ने लोगों को बेहाल कर दिया है. गर्मी का आलम यह है कि रात में भी गर्म हवाएं चलने से लोग घरों में सकून से सो नहीं पा रहे हैं. मौसम विभाग के अनुसार हवा का रुख बदलना इस बढ़ती गर्मी का प्रमुख कारण माना जा रहा है. आरएके कॉलेज स्थित ग्रामीण कृषि मौसम सेवा केंद्र के विशेषज्ञ डॉ. सत्येंद्र सिंह तोमर ने बताया कि इस समय सामान्यत: हवा पश्चिमी दिशा से चलती है, लेकिन अब हवा का रुख बदलकर उत्तर-पूर्वी हो गया है. यही कारण है कि तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है. उन्होंने कहा कि यदि अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बनी रही तो अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है.
एक दिन पहले मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, लेकिन बुधवार को पारा अचानक उछलकर 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री तक पहुंच गया. बढ़ती गर्मी और शुष्क हवाओं के कारण दोपहर के समय शहर की सड़कें और बाजार लगभग सूने नजर आए. लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए. गर्म हवाओं के चलते आम जनजीवन भी प्रभावित हो रहा है.
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर एक चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, जिसके प्रभाव से आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है. सप्ताह के अंत तक तापमान 46 डिग्री सेल्सियस पार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल आसमान साफ रहेगा और तेज धूप का दौर जारी रहेगा. हालांकि 15 मई के बाद उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसके प्रभाव से बाद में आंशिक बादल छा सकते हैं. फिलहाल जिलेवासियों को भीषण गर्मी व लू से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं.
