राजगीर, 30 अगस्त (वार्ता) हीरो एशिया कप राजगीर, बिहार 2025 के दूसरे दिन पूल बी के मुकाबलों के दौरान नाटकीयता की कोई कमी नहीं रही। प्रशंसकों ने दो रोमांचक मुकाबले देखे – एक में गोलों की धमाकेदार बौछार और दूसरा एक तनावपूर्ण रणनीतिक मुकाबला जो अंत तक चला।
पहला मैच: बांग्लादेश बनाम चीनी ताइपे – दो हाफ की कहानी
बांग्लादेश ने चीनी ताइपे पर 8-3 से शानदार जीत हासिल की, लेकिन स्कोरलाइन पूरी कहानी बयां नहीं करती। हाफ-टाइम तक, खेल 2-2 की बराबरी पर था और चीनी ताइपे ने जबरदस्त खेल दिखाया। लेकिन ब्रेक के बाद, बांग्लादेश ने लगातार आक्रामक प्रदर्शन करते हुए छह गोल दागकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की।
मैच 2: कोरिया बनाम मलेशिया – मलेशिया ने धाकड़ टीम को हराया
दिन के दूसरे मुकाबले में कोरिया और मलेशिया के बीच पूल बी का एक क्लासिक मुकाबला देखने को मिला। हाफ-टाइम तक 1-1 की बराबरी पर, खेल संतुलित था। दूसरे हाफ में, मलेशिया ने शानदार तरीके से मौकों का फायदा उठाया और तीन गोल दागकर कोरियाई टीम पर 4-1 से महत्वपूर्ण जीत हासिल की। यह परिणाम पूल बी की रैंकिंग तय करने में अहम साबित हो सकता है, क्योंकि मलेशिया ने खुद को एक गंभीर चुनौती के रूप में पेश किया है।
रविवार, को पूल ए के मैचों का कार्यक्रम
13:00 – मैच 07: चीन बनाम कजाकिस्तान
15:00 – मैच 08: जापान बनाम भारत
