
सिंगरौली। तहसील सरई अंतर्गत ग्राम ठरकठैला में शनिवार को प्रशासन, कृषि विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उर्वरक भंडारण का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान खाद विक्रेता हरिप्रसाद शाह के घर से 168 बोरी यूरिया जप्त की गई। जानकारी के अनुसार विक्रेता को गजराबहरा में यूरिया भंडारण की अनुमति दी गई थी, लेकिन उसने अवैध रूप से अपने निज निवास में संग्रहण कर रखा था।
कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला के निर्देश पर तहसीलदार सरई चन्द्रशेखर मिश्रा, सहायक संचालक कृषि लवकुश सिंह तथा थाना प्रभारी सरई जितेन्द्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में छापामार कार्रवाई की गई। जप्त यूरिया को सरई थाने में रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में विक्रेता द्वारा किसानों को अवैध विक्रय की पुष्टि हुई है, जो खाद नियंत्रण आदेश का उल्लंघन है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के कालाबाजारियों में हड़कंप मच गया है। कार्रवाई में उप निरीक्षक सूरज सिंह और एएसआई उपेंद्र सिंह की भी अहम भूमिका रही।
