सतना: मैहर में बरसात के मौसम में डेंगू ने दस्तक दे दी है। बड़ा अखाड़ा स्थित संस्कृत आवासीय विद्यालय में पढ़ने वाला 11 वर्षीय छात्र डेंगू पॉजिटिव पाया गया है। इस खबर के बाद मलेरिया विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में लार्वा की जांच शुरू कर दी।विद्यालय परिसर के सर्वे के दौरान 24 अलग-अलग स्थानों पर डेंगू के लार्वा मिले। दरअसल, इस आवासीय विद्यालय में रहने वाले छात्र को कई दिनों से बुखार आ रहा था। उसके अभिभावक उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां मलेरिया के साथ-साथ डेंगू की भी जांच कराई गई। एलाइजा टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मलेरिया विभाग में हड़कंप मच गया। सतना से मलेरिया विभाग की टीम तुरंत मैहर के लिए रवाना हुई। विद्यालय परिसर में नांद, टायरों और स्कूल के बाहर रखे जूते-चप्पलों के ड्रम में भी डेंगू के लार्वा पाए गए। टीम ने इन सभी जगहों पर जमा पानी को बहा दिया।मलेरिया विभाग की टीम पीड़ित छात्र के गांव चिरौली (कोठी) भी पहुंची। वहां भी उन्हें डेंगू के लार्वा मिले। टीम ने पूरे परिसर और छात्रावास में कीटनाशक दवा का छिड़काव किया।मलेरिया इंस्पेक्टर बारेलाल सिंह ने बताया कि संस्कृत विद्यालय के हॉस्टल में रहने वाले 11 वर्षीय छात्र की सतना जिला अस्पताल में डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद सतना से टीम मैहर पहुंची।
जल भराव न होने दें
बाल मुकुंद सेन सहायक मलेरिया अधिकारी और अन्य कर्मचारियों ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया। जहां-जहां जल भराव था, उसे खाली कराया गया और दवा का छिड़काव किया गया। बरसात के दिनों में जल भराव की वजह से डेंगू के लार्वा पनप रहे हैं। इसके कारण उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। लोगों को जागरूकता की कमी के कारण अनजाने में कई जगह पानी जमा हो जाता है, जिससे डेंगू का खतरा बढ़ रहा है।
