रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से लिया संन्यास

नयी दिल्ली, 27 अगस्त (वार्ता) ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है। उन्होंने बुधवार सुबह एक्स (पहले ट्विटर) पर घोषणा करते हुए कहा कि वह “विश्व भर के अन्य लीगों में खेल की संभावनाओं को तलाशना” शुरू करेंगे। वह आईपीएल के पांचवें सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज (187 विकेट) के तौर पर इस टूर्नामेंट को अलविदा कह रहे हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 7.2 की रही।
अश्विन आईपीएल में सबसे पहले चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का हिस्सा थे और उनकी अंतिम टीम भी सीएसके ही थी। इसके अलावा उन्होंने राइजिंग पुणे सुपरजायंट, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स की टीम के लिए भी आईपीएल में हिस्सा लिया और किंग्स XI पंजाब की कप्तानी भी की।
अश्विन ने एक्स पर अपने पोस्ट में लिखा, “यह एक खास दिन है और इसलिए एक खास शुरुआत भी हो रही है। ऐसा कहा जाता है कि हर अंत की एक नई शुरुआत होती है। एक आईपीएल क्रिकेटर के रूप में मेरा समय आज खत्म हो रहा है, लेकिन विभिन्न लीगों में खेलने की संभावनाओं की खोज आज से शुरू होती है। मैंने जिन टीमों के साथ भी खेला, उन यादों और रिश्तों के लिए सभी फ्रेंचाइजियों का धन्यवाद करना चाहूंगा और सबसे महत्वपूर्ण, आईपीएल और बीसीसीआई का भी शुक्रिया अदा करना चाहूंगा, जिन्होंने मुझे अब तक बहुत कुछ दिया है। भविष्य में जो भी है, मैं उसका आनंद लेने और उसका ज्यादा से ज्यादा फायदा उठाने के लिए उत्सुक हूं।”
अश्विन ने 2010 और 2011 में सीएसके के साथ आईपीएल जीता था, लेकिन आठ साल तक अलग-अलग टीमों के लिए खेलने के बाद, पिछले सीजन आईपीएल में उनकी घर वापसी उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पिछले साल मेगा ऑक्शन में सीएसके ने अश्विन को 9.75 करोड़ रुपए में खरीदा था, और उन्होंने 14 में से नौ मैच खेले थे। इकॉनमी के दृष्टिकोण से यह उनका सबसे महंगा साल भी साबित हुआ। उन्होंने 9.12 रन प्रति ओवर दिए। ऐसा पहली बार हुआ था कि किसी सीजन में उनकी इकॉनमी 8.49 से ज्यादा रही।

Next Post

राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप में भारत ने तीन रजत पदक जीते

Wed Aug 27 , 2025
नई दिल्ली/अहमदाबाद, 27 अगस्त (वार्ता) भारत ने राष्ट्रमंडल भारोत्तोलन चैंपियनशिप 2025 के दूसरे दिन तीन रजत पदक जीते। बिंद्यारानी देवी, मुथुपंडी राजा और स्नेहा सोरेन उपविजेता रहीं, जबकि 17 वर्षीय कोयल बार ने युवा विश्व रिकॉर्ड बनाकर सुर्खियाँ बटोरीं। ओलंपिक्स डॉट कॉम द्वारा जारी बयान के अनुसार, भारत की बिंद्यारानी […]

You May Like