छतरपुर: कोतवाली पुलिस ने साइबर फ्रॉड के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को झांसी-छतरपुर हाईवे स्थित लाइफलाइन हॉस्पिटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति के साइबर ठगी में संलिप्त होने की सूचना मिली थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर संदिग्ध भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, विभिन्न बैंकों के छह एटीएम कार्ड तथा चार बैंक खातों से संबंधित जानकारी बरामद की। अधिकृत पोर्टल पर जांच करने पर इनसे संबंधित नौ साइबर शिकायतें दर्ज होना पाया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अंकुश विश्वकर्मा निवासी ग्राम उमरी, तहसील नागौद, जिला सतना को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान साइबर फ्रॉड में उसके एक सहयोगी के संबंध में भी जानकारी मिली है, जिसकी तलाश की जा रही है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और नगर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में कोतवाली एवं साइबर पुलिस टीम ने की।
