
भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस ने महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू करने की मांग को लेकर देशव्यापी पोस्टकार्ड अभियान शुरू किया है। संगठन ने विशेष रूप से ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग की महिलाओं को संवैधानिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
इस अभियान के तहत सोमवार को भोपाल के टी.टी. नगर पोस्ट ऑफिस से प्रधानमंत्री के नाम पोस्टकार्ड भेजे गए। महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि कानून को बिना किसी देरी के लागू किया जाए और इसके लाभ समाज के सभी वर्गों तक समान रूप से पहुंचें।
पदाधिकारियों ने कहा कि महिला आरक्षण कानून का शीघ्र क्रियान्वयन महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा, लेकिन इसके साथ समावेशी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि वंचित वर्गों की महिलाओं को उनके अधिकार के अनुरूप उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।
इस दौरान पूर्व पार्षद संतोष कंसाना, महासचिव रूपाली शर्मा, महक राणा, ब्लॉक अध्यक्ष रतन पांडे, माया विश्वकर्मा, रेखा मोड सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
