लखनऊ, 13 मई (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव के निधन के बाद उनके आवास पर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा है। भाजपा और सपा के कई बड़े नेता प्रतीक को अंतिम विदाई देने पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रतीक यादव के घर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए उनके आवास पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सपा मुखिया अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, सांसद धर्मेंद्र यादव, भाजपा के संगठन मंत्री धर्मपाल सिंह, भाजपा सांसद साक्षी महाराज और शिवपाल यादव मौजूद रहे। घर के बाहर भारी सुरक्षा तैनात की गई है।
सपा सांसद डिंपल यादव काफी देर तक प्रतीक के घर पर रहीं, जिसके बाद वह बाहर निकल गईं। प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि देने के लिए आने वालों का सिलसिला जारी है। इससे पहले केजीएमयू में पोस्टमॉर्टम के बाद प्रतीक का शव उनके आवास पर ले जाया गया। अंतिम संस्कार गुरुवार दोपहर साढ़े बारह बजे पिपरा घाट पर किया जाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
सिविल अस्पताल के चीफ मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. डीसी पांडेय ने बताया था कि जब सुबह छह बजे प्रतीक को लाया गया, तब उनकी पल्स पूरी तरह डाउन थी और हार्ट भी रुक चुका था। उन्हें पत्नी अपर्णा यादव के भाई अमन सिंह बिष्ट अस्पताल लेकर पहुंचे थे। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं, लेकिन मौत को संदिग्ध माना जा रहा है। इसके चलते विसरा सैंपल को जांच के लिए सुरक्षित रख लिया गया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और स्पष्ट होगी।
प्रतीक की पत्नी और भाजपा नेता अपर्णा यादव मंगलवार को असम में मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में गई थीं। पति के निधन की खबर मिलते ही वह असम से लखनऊ लौट आईं और एयरपोर्ट से सीधे घर पहुंचीं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “प्रतीक आज हमारे बीच नहीं है, बहुत दुख है। वह नौजवान था, बचपन से ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक था और मेहनत से कुछ करना चाहता था। दो महीने पहले मुलाकात हुई थी। परिवार जो कहेगा वह हम करेंगे।”
गौरतलब है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार से जुड़े थे। वह लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लानेट’ जिम और ‘जीव आश्रय’ संस्था चलाते थे।
