नयी दिल्ली, 13 मई (वार्ता) आधुनिक लाइटिंग समाधान और नयी पीढ़ी की होम टेक्नोलॉजी को समर्पित देश की पहली प्रदर्शनी ‘लाइटिंग वर्ल्ड एंड होम टेक एक्सपो’ की शुरुआत अगले साल से होगी। लैंप, लाइटिंग उपकरण और कंपोनेंट बनाने वाली भारतीय कंपनियों के संगठन एल्कोमा और लाइफस्टाइल, तकनीक और होम सॉल्यूशन से जुड़े विशेष व्यापार मेलों और उपभोक्ता प्रदर्शनियों के आयोजक ऐस एक्जिबिशंस मिलकर इस प्रदर्शनी का आयोजन करेगी। दोनों संस्थाओं ने यहां इंडिया हैबिटेट सेंटर में बुधवार को आयोजित एक कार्यक्रम में इसके लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।
इस प्रदर्शनी का पहला आयोजन 14 से 16 जनवरी 2027 तक भारत मंडपम् में होगा। यह बिजनेस टू बिजनेस (बी2बी) और बिजनेस टू कस्टमर (बी2सी) दोनों के लिए एक बड़ा मंच होगा, जहां लाइटिंग और स्मार्ट होम टेक्नोलॉजी से जुड़े सभी उत्पाद प्रदर्शित किये जायेंगे। इसमें लैंप, लाइटिंग उपकरण, कंपोनेंट्स, ऑटोमेशन सिस्टम, एवी इंटीग्रेशन, ऊर्जा प्रबंधन और स्मार्ट होम समाधान शामिल होंगे।
दोनों कंपनियों की संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि साल 2025 में लगभग 3.83 अरब डॉलर का भारतीय लाइटिंग बाजार 2031 तक 5.12 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। वहीं, स्मार्ट लाइटिंग बाजार 2025 के करीब 1.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2034 तक 11.5 अरब डॉलर से अधिक हो सकता है। इसका मुख्य कारण आईओटी आधारित सिस्टम, मानव-केंद्रित लाइटिंग और वॉयस कंट्रोल तकनीक का बढ़ता उपयोग है। इसी तरह भारत का स्मार्ट होम बाजार 2025 के 5.2 अरब डॉलर से बढ़कर 2031 तक 24.1 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। तीन दिन चलने वाली इस प्रदर्शनी में तकनीकी सेमिनार, खरीदार-विक्रेता बैठकें, नवाचार प्रदर्शन, पुरस्कार और नयी तकनीकों पर कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनमें लाइट फेडिलिटी यानी लाइ फाइ, सर्केडियन लाइटिंग, एआई आधारित ऑटोमेशन और नेट-ज़ीरो बिल्डिंग समाधान जैसी तकनीकें शामिल रहेंगी।

