उद्योगों की जरूरत के हिसाब से तैयार होंगे स्किल कोर्स, प्रशासन और ITI के बीच होगा फ्लेक्सी MOU

भोपाल: गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के साथ कलेक्टर प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में बैठक हुई. जिसमें जिला स्तरीय लघु उद्योग संवर्धन बोर्ड, एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत जिला स्तरीय सहायता समिति एवं जिला निर्यात समिति के सदस्य शामिल हुए. बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने उद्यमियों से कहा कि अपनी आवश्यकता के अनुरूप कौशल विकास पाठ्यक्रम तैयार करें. प्रशासन इन पाठ्यक्रमों के आधार पर आईटीआई महाविद्यालयों के साथ फ्लेक्सी एमओयू के माध्यम से उद्योगों को प्रशिक्षित एवं कुशल मानव संसाधन उपलब्ध कराने की व्यवस्था करेगा.

उन्होंने उद्यमियों से अपनी विस्तृत कार्ययोजना साझा करने तथा वर्तमान उद्योगों एवं नवीन तकनीक के मध्य मौजूद टेक्नोलॉजी गैप को चिन्हित करने का आग्रह किया, जिससे प्रशासन इस दिशा में परिणाममूलक कार्य कर सके. बैठक में एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत प्राप्त 23 आवेदनों की समीक्षा की गई, जिनमें से 20 पात्र प्रकरणों को स्वीकृति दी गई. योजना के तहत उद्यमियों को पूंजीगत निवेश पर 40 प्रतिशत तक अनुदान प्रदान किए जाने का प्रावधान है. कलेक्टर मिश्रा ने नगर निगम को गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रहीं मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा.

साथ ही एमपीआईडीसी अधिकारियों को औद्योगिक क्षेत्रों में निर्यात सेल की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिल सके.बैठक में गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एसोसिएशन, बगरोदा एवं आचारपुरा इंडस्ट्री एसोसिएशन व लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधियों के साथ क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई.इस दौरान व्यावसायिक अतिक्रमण, सुरक्षा व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी, नगर वाहन सेवा की उपलब्धता व फायर स्टेशन की स्थापना जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई. इस मौके पर जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सत्येंद्र कुमार, अग्रणी जिला प्रबंधक आलोक चक्रवर्ती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

Next Post

थाने में युवक से मारपीट के आरोप, वीडियो वायरल

Wed May 13 , 2026
इंदौर: सदर बाजार थाना क्षेत्र में युवक से मारपीट के आरोप का मामला सामने आया है. घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें युवक पुलिसकर्मी पर मारपीट का आरोप लगाता नजर आ रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक शराब के नशे में […]

You May Like