
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग द्वारा आयोजित “टैलेंट हंट प्रोग्राम” के तहत अंतिम चरण के इंटरव्यू का पहला दौर मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य पार्टी के मीडिया एवं जनसंपर्क तंत्र के लिए प्रभावशाली, वैचारिक रूप से प्रतिबद्ध और तथ्यपरक वक्ताओं की पहचान करना है।
प्रदेशभर से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी संवाद क्षमता, राजनीतिक समझ और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता का परिचय दिया। कांग्रेस इस पहल को अपने मीडिया नेटवर्क को मजबूत करने और नई पीढ़ी के ऐसे प्रवक्ताओं को तैयार करने की रणनीति के रूप में देख रही है, जो जनहित के मुद्दों पर सरकार को प्रभावी ढंग से घेर सकें।
मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रतिभाशाली और सामाजिक रूप से जागरूक युवाओं को मंच प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मजबूत और जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने वाले युवाओं को आगे लाना पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि इंटरव्यू प्रक्रिया में पीएचडी स्कॉलर्स, आईआईटी से शिक्षित युवा, प्रोफेसर्स, मीडिया प्रोफेशनल्स और सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के साथ संवाद के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे ऊर्जावान और वैचारिक रूप से समर्पित युवा मौजूद हैं, जो जनहित के मुद्दों को तथ्यपूर्ण और प्रभावशाली तरीके से उठा सकते हैं।
नायक ने विश्वास जताया कि इस चयन प्रक्रिया के माध्यम से ऐसे धारदार और प्रभावी वक्ताओं का चयन किया जाएगा, जो जनता की आवाज को मजबूती से उठाते हुए सरकार को जवाबदेह बनाएंगे।
पार्टी नेताओं के अनुसार शेष चयनित प्रतिभागियों के इंटरव्यू 13 मई को आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद प्रदेश एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता, कोऑर्डिनेटर तथा रिसर्च एवं पब्लिसिटी कोऑर्डिनेटर के नाम इस माह के अंत तक घोषित किए जाएंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव, अखिलेश प्रताप सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शीतल जी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी ज्यूरी पैनल में उपस्थित रहे।
