
गरोठ। जनपद पंचायत क्षेत्र के ढलमू गांव में गहराते पेयजल संकट को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। महिलाओं ने मटकियां लेकर पंचायत पहुंचकर पानी की नियमित आपूर्ति की मांग की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले दो माह से पेयजल समस्या बनी हुई है। करोड़ों रुपए की पेयजल योजना के तहत पानी की टंकी, पाइपलाइन एवं नल कनेक्शन का कार्य पूर्ण हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद नियमित जल आपूर्ति नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने पंचायत प्रशासन एवं जिम्मेदार अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया।
ग्रामीण कालूराम मीणा ने बताया कि सरपंच रामकिशन एवं सचिव भारत मतवाला को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पांच दिनों के भीतर समस्या का निराकरण नहीं हुआ तो ग्रामीण चक्का जाम आंदोलन करेंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन, पशुपालन एवं कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मामले में जनपद पंचायत गरोठ एवं संबंधित अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।
प्रदर्शन में मुकेश खारोल, पंकज मीणा, सुरेश मीणा, ईश्वर मीणा, आशीष, ज्योति, पूजा, मांगीबाई, कन्हैयालाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
