रीवा: रीवा जिले के गुढ़ क्षेत्र मे घरेलू विवाद के चलते बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सन्नाटे का माहौल बना हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरदुआ निवासी धर्मेंद्र कोल उर्फ भिंडू कोल (28 वर्ष) का अपने छोटे भाई गोलू कोल (23 वर्ष) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर धर्मेंद्र ने गोलू पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोलू की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी धर्मेंद्र कोल अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही गुढ़ थाना प्रभारी शैल यादव, पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल मृतक का शव उसके पैतृक घर पर रखा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरिष्ठ अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है तथा फोरेंसिक टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। विशेषज्ञों द्वारा साक्ष्य एकत्र करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जाएगा।
