इंदौर: इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद शादी से इंकार करने पर महिला को निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने 38 वर्षीय महिला की शिकायत पर देवास के हाटपिपल्या निवासी योगेश राजपूत के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
महिला करीब तीन साल से पति से अलग रह रही है. कुछ समय पहले इंस्टाग्राम के जरिए उसकी योगेश से पहचान हुई थी. बातचीत के दौरान योगेश ने महिला के सामने शादी का प्रस्ताव रखा.
शुरुआती बातचीत के बाद महिला ने शादी के लिए सहमति जताई, लेकिन बाद में उसे योगेश के नशे की लत और कथित खराब आचरण की जानकारी मिली. इसके बाद महिला ने शादी से इंकार कर दिया. महिला का आरोप है कि शादी से इंकार करने के बाद योगेश फोन कर गालियां देने लगा और उस पर बातचीत करने का दबाव बनाने लगा. बात नहीं मानने पर उसने निजी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने और जान से मारने की धमकी दी. लगातार धमकियों से परेशान होकर महिला ने लसूड़िया थाने में शिकायत की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश की जा रही है.
