
जबलपुर: रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में सोमवार को अहम प्रशासनिक फेरबदल हुआ। कुलसचिव डॉ. रविशंकर सोनवाल को विश्वविद्यालय से कार्यमुक्त कर क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय, गुना भेज दिया गया है। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने 1 अक्टूबर को उनके स्थानांतरण का आदेश जारी किया था, जिसके परिपालन में 5 अक्टूबर की सुबह विश्वविद्यालय प्रबंधन ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। डॉ. सोनवाल अब गुना विश्वविद्यालय में पंजीयक का दायित्व संभालेंगे।
रादुविवि के प्रशासनिक कामकाज को सुचारू बनाए रखने के लिए बायोसाइंस विभाग के आचार्य प्रो. एस.एस. सिंधु को आगामी आदेश तक कुलसचिव का दायित्व सौंपा गया है। आदेश के बाद सोमवार सुबह ही विश्वविद्यालय में पदभार संबंधी प्रक्रिया पूरी कर दी गई। डॉ. सोनवाल को विदाई देने के बाद वे सीधे गुना के लिए रवाना हो गए। अचानक हुए इस प्रशासनिक बदलाव से विश्वविद्यालय सहित उच्च शिक्षा महकमे में हलचल देखी गई।
