
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले दो दिनों में प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्रवाई करते हुए 113 किलो से अधिक अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इनमें अफीम, एमडी ड्रग्स, डोडाचूरा और गांजा शामिल हैं। जब्त मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 54 लाख रुपये से अधिक है।
मंदसौर में भानपुरा पुलिस ने दुधाखेड़ी माताजी मंदिर के पास दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 6 किलो 82 ग्राम अफीम जब्त की, जिसकी कीमत करीब 12 लाख रुपये है। वहीं, अफजलपुर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 260 ग्राम एमडी ड्रग्स और 5 किलो 150 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया।
बालाघाट के लांजी में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 27 किलो 378 ग्राम गांजा जब्त किया। इधर, जीआरपी उज्जैन ने ट्रॉली और पिट्ठु बैग में छिपाकर 75 किलो डोडाचूरा ले जा रही दो महिलाओं को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने कहा कि तस्करी के पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है।
