भाजपा की हर जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे : गोपाल राय

नयी दिल्ली, 17 फरवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) के दिल्ली प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने कहा कि हम भाजपा की हर जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे और दिल्लीवालों से किए सारे वादे पूरे करने के लिए उस पर दबाव बनाएंगे।

श्री गोपाल राय ने सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष, प्रदेश संगठन मंत्री और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तैयार की। उन्होंने कहा , “सदन के अंदर आम आदमी पार्टी के विधायक और सड़क पर पार्टी का संगठन दिल्ली की जनता के हितों की रक्षा करेगा। हम भाजपा की हर जन विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएंगे और दिल्लीवालों से किए सारे वादे पूरे करने के लिए उस पर दबाव बनाएंगे। भाजपा ने चुनाव आयोग, धन, बल और छल का खुलकर इस्तेमाल किया। इसके बाद भी दिल्ली के 43.6 फीसद मतदाता आज भी अरविंद केजरीवाल के साथ खड़े हैं।”

उन्होंने कहा कि जिस तरह से पूरी केंद्र सरकार, देश भर में भाजपा के संगठन, सांसद, उनकी राज्य सरकारों, नेताओं और विधायकों ने सत्ता का खुला दुरुपयोग किया। इसके बावजूद दिल्ली के लोगों का इतने बड़े पैमाने पर आम आदमी पार्टी के साथ खड़े होने का एलान हमारे लिए एक सूकून की बात है। इस बार दिल्ली में जिस तरह का चुनाव हुआ है, वैसा चुनाव आज से पहले कभी नहीं हुआ। पहले इतना धन-बल का उपयोग कभी नहीं हुआ। मतदाओं को इतना दहशत में कभी नहीं डाला गया।

आप नेता ने कहा कि चुनाव के नतीजे आए दस दिन हो गए, लेकिन अभी तक भाजपा अपना मुख्यमंत्री तय नहीं कर पा रही है। भाजपा यह तय नहीं कर पा रही है कि दिल्ली के कौन मंत्री बनेंगे। यह इस बात को दर्शा रहा है कि भाजपा के पास न कल कोई मुख्यमंत्री था और न आज कोई मुख्यमंत्री है। भाजपा कह रही थी कि जब प्रधानमंत्री विदेश दौरे से लौटकर आएंगे, तब मुख्यमंत्री का चेहरा तय किया जाएगा। लेकिन अब प्रधानमंत्री मोदी आ गए हैं, तब भी तय नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों ने जब भाजपा को पहली बार सत्ता सौंपी थी और उसने पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बदले थे, उसी तरह की परिस्थितियां दिल्ली में दोबारा पैदा हो चुकी हैं। भाजपा में जिस तरह की गुटबाजी और खींचतान दिख रही है, वह इस बात की तरफ साफ संकेत दे रही है कि आगामी दिनों में दिल्ली के अंदर पांच साल के अंदर तीन मुख्यमंत्री बदले जाएंगे।

श्री राय ने कहा, “दिल्ली में भाजपा की जो पहली सरकार बनी थी, इस बार भी उसके वही लक्षण साफ-साफ दिख रहे हैं। ऐसे समय में दिल्ली के लोगों ने आम आदमी पार्टी को विपक्ष में बैठने की जिम्मेदारी दी है। हम विधानसभा के अंदर भी एक सकारात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएंगे और पार्टी का संगठन मोहल्ला स्तर पर भी अपने विपक्ष की भूमिका में खड़ा होगा। हमें 43.6 प्रतिशत लोगों ने जो जनादेश दिया है, उनकी आकांक्षाओं और समर्थन की रक्षा करना हमारा दायित्व है। हम उसके लिए काम करेंगे।”

Next Post

उजड़ गई आरईएस द्वारा चंदरेह में बनाई गई लाखों की वाटिका एवं ईको पार्क

Mon Feb 17 , 2025
Share on Facebook Tweet it Share on Reddit Pin it Share it Email ० खनिज प्रतिष्ठान मद से हुआ फिनसिंग व पक्के निर्माण का कार्य एवं मनरेगा मद से वृक्षारोपण का हुआ कार्य नवभारत न्यूज सीधी/रामपुर नैकिन 17 फरवरी। आरईएस द्वारा चंदरेह में बनाई गई लाखों की वाटिका एवं ईको […]

You May Like

मनोरंजन