उत्तर प्रदेश में बाढ़ प्रभावित इलाकों में उतरे प्रभारी मंत्री

लखनऊ, 4 अगस्त (वार्ता) उत्तर प्रदेश में खासतौर से पूर्वांचल के कई जिलों में बाढ़ के हालात के बीच योगी सरकार के मंत्रियों ने अपना काम शुरू कर दिया है।

सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री बाढ़ की स्थिति पर कड़ी नज़र रख रहे हैं और प्रभावी राहत प्रयासों को सुनिश्चित करने के लिए समय पर निर्देश जारी कर रहे हैं जबकि राज्य के मंत्री प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

प्रवक्ता ने कहा, ‘हर पीड़ित तक सरकार’ के सिद्धांत के प्रति प्रतिबद्ध, मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि हर प्रभावित व्यक्ति तक सहायता पहुँचनी चाहिए। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पीएसी द्वारा बचाव अभियान जारी है, स्थानीय प्रशासन ज़मीनी स्तर पर चौबीसों घंटे समन्वय सुनिश्चित कर रहा है।

राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने कहा कि बाढ़ ने 37 तहसीलों और 402 गांवों को प्रभावित किया है जिससे 84,392 लोग प्रभावित हुए हैं। इनमें से 47,906 को पहले ही सहायता मिल चुकी है और 2,759 जानवरों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी ने अपने मंत्रियों को भी जिम्मेदारी पकड़ायी है। उन्होंने संबंधित मंत्रियों और अधिकारियों से कहा है कि यह सहानुभूति, सतर्कता और जनसेवा का समय है। हर सरकारी अधिकारी और संसाधन ज़रूरत की घड़ी में लोगों के साथ खड़े होने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सभी प्रभारी मंत्री अपने अपने जिलों में कैंप कर रहे हैं। सबसे बुरी तरह प्रभावित ज़िलों में से एक प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने रविवार को राहत शिविरों का दौरा किया। प्रयागराज में बाढ़ का पानी 62 से ज़्यादा इलाकों में भर चुका है, जिससे हज़ारों लोग प्रभावित हैं। अब तक 1,300 परिवारों के 6,000 से ज़्यादा लोगों को बाढ़ राहत शिविरों में पहुंचाया जा चुका है।

विधायक और पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी ने वाराणसी के कोनिया और राजघाट इलाकों में बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से दूध, फल, चाय और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता बनाए रखने को कहा। वाराणसी में गंगा नदी खतरे के निशान 71.26 मीटर से आधा मीटर ऊपर बह रही है, जो कई घाटों से होकर शहरी इलाकों में प्रवेश कर रही है और 60 से अधिक गांवों और शहरी इलाकों, खासकर वरुणा नदी और गंगा की धारा में, जनजीवन को प्रभावित कर रही है।

जालौन में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन और हमीरपुर का दौरा किया और राहत शिविरों का निरीक्षण किया तथा विस्थापित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने राहत शिविरों में स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा सेवा, बिजली और स्वच्छता की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बलिया में, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने गंगा किनारे बाढ़-प्रवण क्षेत्रों का सर्वेक्षण किया। राज्य मंत्री संजय गंगवार ने जालौन में राहत शिविरों का दौरा किया और जलजनित रोगों के प्रसार को रोकने के लिए निर्देश जारी किए।

Next Post

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच खेले गये तीसरे टी-20 मैच का स्कोर बोर्ड

Mon Aug 4 , 2025
लॉडरहिल, 04 अगस्त (वार्ता) पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच सोमवार को खेले गये तीसरे टी-20 मैच का स्कोर बोर्ड इस प्रकार है। पाकिस्तान बल्लेबाजी.. बल्लेबाज……………………………………………………..रन साहिबजादा फरहान क. होप बोल्ड शमार जोसेफ..74 सैम अयूब क. रदरफोर्ड ब. होल्डर……………………66 हसन नवाज क. शेफर्ड ब. चेज………………………..15 मोहम्मद हारिस रनन आउट (मोती/एंड्रूयू)………….02 खुशदिल […]

You May Like