खाद संकट पर भड़के किसान, बागेरी में चक्काजाम

गुना। बमौरी क्षेत्र के बागेरी डबल लॉक गोदाम पर खाद की किल्लत को लेकर सोमवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। भीषण गर्मी में दूर-दराज से आए किसानों ने खाद न मिलने पर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान न केवल पुलिस और प्रशासन से तीखी बहस हुई, बल्कि जानकारी मिलते ही मौके पर क्षेत्रीय विधायक ने भी ई-टोकन प्रणाली को पूरी तरह फेल बताते हुए किसानों के साथ सड़क पर बैठने की चेतावनी दे दी है।

चक्काजाम की सूचना मिलते ही बमौरी थाना प्रभारी दिलीप राजौरिया और नायब तहसीलदार जयप्रकाश गौतम मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि जिनके पास सोमवार के टोकन हैं, उनकी सूची बनाकर प्राथमिकता से खाद दिया जाएगा। हालांकि, किसान इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और प्रदर्शन जारी रखा। प्रदर्शनकारी किसानों ने दावा किया कि 5-5 दिनों के इंतजार के बाद बड़ी मुश्किल से आॅनलाइन टोकन मिल पा रहा है। इसके बावजूद केंद्र पर पहुंचने पर उन्हें खाद उपलब्ध नहीं होने की सूचना दी गई। किसानों का तर्क था कि यदि टोकन की तारीख निकल गई, तो उन्हें दोबारा लंबी प्रक्रिया से गुजरना होगा। किसानों ने पोर्टल के न चलने और आॅनलाइन केंद्रों के चक्कर काटने से परेशान होकर पुरानी पर्ची और सील व्यवस्था को फिर से लागू करने की मांग की। मामले की गंभीरता देख विधायक इंजीनियर ऋषि अग्रवाल मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ई-टोकन प्रणाली की विसंगतियों को उजागर करते हुए बताया कि कपासी गांव के एक किसान को ई-टोकन के माध्यम से 150 किलोमीटर दूर मधुसूदनगढ़ का केंद्र आवंटित कर दिया गया। विधायक ने इसे किसानों के साथ सरासर अन्याय बताया। उन्होंने सरकार की नई व्यवस्था को पूरी तरह फेल बताते हुए कहा है कि अगर मंगलवार तक टोकन ले चुके किसानों को खाद नहीं दिया गया तो वे स्वयं सड़क पर धरना देंगे। विधायक के कड़े रुख और आश्वासन के बाद किसानों ने जाम खोल दिया है। फिलहाल क्षेत्र में खाद वितरण को लेकर तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था बनाने में जुटा है।

Next Post

प्रधानमंत्री के बड़े भाई ओंकारेश्वर पहुंचे

Mon May 11 , 2026
ओंकारेश्वर । आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बड़े भाई प्रहलाद मोदी ओंकारेश्वर पहुँचे, जहाँ उन्होंने भगवान श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं विधिवत पूजन-अर्चन किया। मंदिर ट्रस्ट के मैनेजिंग ट्रस्टी राव पुष्पेंद्र सिंह द्वारा उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विद्वान पुरोहितों के सानिध्य में उन्होंने गर्भगृह […]

You May Like