
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत लाल हवेली होटल के पास कार सवार दो युवकों ने पहले एक प्रॉपर्टी डीलर की बाइक को टक्कर मारकर गिराया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सुरेंद्र पटेल (42) निवासी माढ़ोताल शांताकुंज का प्रॉपर्टी का कारोबार करता हैं, बीती रात करीब 12:30 बजे अपने साथी पंकज श्रीवास्तव के साथ बाइक पर घर लौट रहा था उनके पीछे विशाल सोनी अपनी कार एमपी 20 जेड एल 9151 में मोहित नामक युवक के साथ आ रहा था। जैसे ही सुरेंद्र और पंकज लाल हवेली होटल के पास शांताकुंज की ओर मुड़ने लगे, पीछे से आ रहे विशाल और मोहित ने जान से मारने की नियत से उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिर पड़े। सुरेंद्र पटेल ने पुलिस को बताया कि जब वे संभलकर पंकज को उठाने लगे, तभी कार से विशाल और मोहित नीचे उतरे और विवाद करने लगे। विरोध करने पर मोहित ने सुरेंद्र का गला दबोच लिया और विशाल सोनी ने पास रखे चाकू से सुरेंद्र के सीने के नीचे और पेट पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। घायल सुरेंद्र को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपी विशाल सोनी और मोहित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
