
जबलपुर। कैंट थाना अंतर्गत नेहरू नगर इलाके में पुरानी रंजिश के चलते तीन युवकों ने एक महिला के घर पर बम से हमला कर दिया। धमाके की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नेहरू नगर निवासी श्रीमती मारिमा स्वामी (36) बंगलों में खाना बनाने का काम करती हैं, बीती रात करीब 2:45 बजे वह अपने बेटे देव स्वामी के साथ घर में सो रही थीं। तभी अचानक घर के बाहर बम फटने की जोरदार आवाज आई। आवाज सुनकर जब मारिमा और उनका बेटा बाहर भागे, तो उन्होंने गली में मोहल्ले के ही आशीष फ्रांसिस, गणेश गौड़ और प्रवीण उर्फ सानू कोष्टा को तेजी से भागते हुए देखा। जांच करने पर घर के सामने और उनकी मां लक्ष्मी नायडू के घर की पिछली दीवार पर बम फटने के निशान मिले। मौके पर फटे हुए बम के अवशेष और एक जिंदा बम भी बरामद हुआ है।
बेटे से विवाद के चलते किया हमला
पीड़िता ने बताया कि आरोपी आशीष, गणेश और प्रवीण का उनके बेटे देव स्वामी के साथ पुराना विवाद चल रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने डराने या नुकसान पहुंचाने की नीयत से घर की दीवार पर बम चलाए। धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग भी इकट्ठा हो गए थे। कैंट थाना पुलिस ने मारिमा स्वामी की शिकायत पर आरोपी आशीष फ्रांसिस, गणेश गौड़ और प्रवीण उर्फ सानू कोष्टा के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
