कछुए के गति से चल रहा एनएच-39 के पुलों का कार्य

13 सालों में नही पूर्ण हो पाया पुल-पुलियों एवं सड़क का कार्य, ठेकेदार पर लग रहा लापरवाही का आरोप

नवभारत न्यूज

सिंगरौली 23 फरवरी। जिले के सीधी-सिंगरौली नेशनल हाई वे 39 निर्माणाधीन फोर लेन का कार्य कब पूर्ण होगा। अब इसे ज्योतिषी भी नही बता पा रहे हैं। बरगवां-देवसर के मध्य स्थित सजहर जंगल के खाखन नदी पर पुलिया का निर्माण कार्य आज से करीब एक दशक से चल रहा हैं। इसके बावजूद अभी भी करीब 35 से 40 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने में शेष रह गया है। जबकि उक्त दोनों पूलों का कार्य पूर्ण करने की अवधि समाप्त हो चुकी है। चर्चा है कि सीधी-सिंगरौली नेशनल हाई वे 39 के संविदाकार टीवीसीएल के लापरवाही का परिणाम है कि अभी तक उक्त दोनों पुलिया का कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। जबकि यहां बताते चले की सजहर एवं जोगिनी के मध्य स्थित खाखन नदी पुलिया पर कई बार हादसा भी हो चुका है और कई घंटे तक जाम भी लग चुका है और यहां आए दिन जाम लगता भी रहता है। इसके बारे में ठेकेदार को भी भली-भांति जानकारी है। किंतु आरोप लगाया जा रहा है कि संविदाकार पर एमपीआरडीसी के अधिकारी दबाव भी नहीं बना पाए। जिसके चलते उक्त दोनों पुलियों का कार्य वर्षों से निर्माणाधीन है और इसे अभी पूरा करने में वक्त लग सकता हैं। यही हाल बरगवां-सजहर जंगल के मध्य झुरही नाला का हैं। जहां टू-लेन पुलिया का कार्य पूर्ण हो चुका हैं और दूसरे साइड का कार्य मंथर गति से चल रहा हैं। हालांकि यहां पर आवागमन प्रभावित नही हो रहा हैं। लेकिन पुलियों के कछुए के गति से हो रहे निर्माण कार्य को लेकर प्रमुख विपक्षी दल कॉग्रेस पार्टी के नेता केन्द्र एवं प्रदेश सरकार पर हमलावर हैं। इन सब के बावजूद एमपीआरडीसी एवं संविदाकार पर कोई विशेष असर नही पड़ रहा हैं। इधर अब भविष्य वक्ता भी सीधी-सिंगरौली निर्माणाधीन सड़क मार्ग को लेकर कोई भविष्यवाणी भी करने को तैयार नही है। यह सड़क का कार्य कब तक पूर्ण हो जाएगा और ना ही भाजपा के नेता भी इस मामले में कुछ बोलना न ही चाहते हैं और न ही एमपीआरडीसी के जिम्मेदार अधिकारी-कर्मचारी। उसके पीछे कारण यही है कि 13 साल में भी 85 किलोमीटर सड़क मार्ग का पूर्ण ना होना भाजपा नेताओं के साथ-साथ प्रदेश एवं केंद्र सरकार के लिए गले की हड्डी बनी हुई है और यह गले की हड्डी कब निकलेगा। इस पर अभी कुछ कह पाना जल्दबाजी होगी।

भाजपा नेताओं के गले की फांस बनी हैं सड़क

सीधी-सिंगरौली नेशनल हाईवे 39 निर्माणधीन फोर लेन भाजपा नेताओं के लिए भी गले का फांस बना हुआ है। आमजनों के साथ-साथ विपक्षी दलो के नेता भी जब भाजपा नेताओं से निर्माणाधीन सड़क को लेकर सवाल पूछते हैं। तो ना नूकुर जवाब देकर टालने लगते हैं। यह कोई एक दफा की बात नही हैं। आये दिन भाजपा नेताओं को सवालों का सामना करना पड़ता हैं। तीन साल पूर्व तक दूसरे पर आरोप मढ़ते थे । लेकिन अब ये बहाना भी समाप्त हो चुका हैं। अब भाजपा नेताओं के पास कोई ठोस जवाब नही हैं।

कसर से गोरबी तक का कार्य की प्रगति धीमी गति

एनएच-39 सीधी-सिंगरौली के गोदवाली के बाद कसर से लेकर गोरबी तक के कार्यों की प्रगति जोर नही पकड़ रहा हैं। जबकि इसी मार्ग से सैकड़ो की संख्या में कोल वाहनों का आना-जाना लगा रहता हैं और कसर गेट के ईर्द-गिर्द रोजाना जाम भी लगता हैं। यहां के नगरिकों की मांग है कि कसर से गोरबी सड़क मार्ग के कार्य में तेजी लाया जाए, ताकि जाम से मुक्ति मिल जाए। यहां के नागरिकों ने यह भी कहां हैं कि कसर एवं गोरबी में धूल के गुब्बारों से व्यापारियों के साथ-साथ रहवासी भी त्रस्त हैं। पर्यावरण प्रदूषण से लोग बीमार भी हो रहे हैं।

Next Post

चैंपियंस ट्रॉफी: विराट शतक से पाकिस्तान हुआ पराजित

Sun Feb 23 , 2025
दुबई,23 फरवरी (वार्ता) कुलदीप यादव (तीन विकेट) और हार्दिक पंड़या (दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बाद विराट कोहली (नाबाद100 ) की शतकीय और श्रेयस अय्यर (56 ) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने रविवार को चैंपियंस ट्रॉफी के पांचवें मुकाबले में 45 गेंदें शेष रहते पाकिस्तान को छह […]

You May Like