इंदौर: दशहरे की छुट्टियों में घर आने की खुशी लेकर छात्रावास से निकली 15 वर्षीय महिमा की सड़क हादसे में मौत हो गई. वह अपने मौसा के साथ मोटरसाइकिल पर इंदौर आ रही थी. पालदा क्षेत्र में नेमावर रोड पर हनुमान मंदिर के आगे उनकी मोटरसाइकिल ट्रक की चपेट में आ गई. हादसे में महिमा ट्रक के पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मोटरसाइकिल चला रहे उसके मौसा घायल हो गए.
महिमा पिता गलसिंग सोलंकी, ग्राम भायली, जिला देवास की निवासी थी. वह छात्रावास में रहकर नौवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी. दशहरे की छुट्टियां होने पर वह अपने मौसा मूलचंद बघेला के साथ मोटरसाइकिल से इंदौर आ रही थी. पालदा क्षेत्र में हुए हादसे में मूलचंद के पैर में गंभीर चोट आई. दुर्घटना के समय उन्होंने हेलमेट पहन रखा था. सूचना मिलने पर भंवरकुआं पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मर्ग कायम कर महिमा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा है. पुलिस हादसे के कारणों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है.
