शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो कलयुगी बेटे ने पत्थर से कुचलकर की पिता की हत्या

बैतूल। बैतूल जिले में शराब पीने के लिए पैसे नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने पिता की पत्थर मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी बेटे को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना खेड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के चूनालोमा गांव के पोहाढाना टोला की है। शुक्रवार रात करीब नौ बजे 32 वर्षीय अनिल उइके ने अपने पिता सत्तू उइके से शराब पीने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे देने से इनकार करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

बताया गया है कि विवाद के दौरान अनिल उइके ने पास में पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर अपने पिता के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से सत्तू उइके की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने सत्तू उइके का शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर खेड़ी चौकी और कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा।

जांच के दौरान पुलिस ने संदेह केटी आधार पर मृतक के बेटे अनिल उइके को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शराब का आदी है और अक्सर घर में पैसों को लेकर विवाद करता था। मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

Next Post

शहडोल-रीवा हाईवे पर ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को कुचला, मौके पर ही मौत

Sun May 10 , 2026
शहडोल। ब्योहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा स्टेट हाईवे पर जोरा पुलिया के पास ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार देर रात करीब दो बजे बारात से वापस लौट रहे राहुल द्विवेदी (25) और अतुल तिवारी (27) की मोटरसाइकिल को […]

You May Like