
शहडोल। ब्योहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शहडोल-रीवा स्टेट हाईवे पर जोरा पुलिया के पास ट्रक की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शनिवार देर रात करीब दो बजे बारात से वापस लौट रहे राहुल द्विवेदी (25) और अतुल तिवारी (27) की मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के समय पीछे से आ रहे अन्य बारातियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
