छतरपुर। शहर के ओरछा रोड थाना क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ रहस्यमयी ढंग से लापता हो गई। पीड़ित पति मोहन अहिरवार अब न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है। पुलिस द्वारा ठोस कार्रवाई न किए जाने से आहत होकर पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को आवेदन सौंपकर मदद की गुहार लगाई है।
25 अप्रैल से लापता है परिवार
पीड़ित मोहन अहिरवार के अनुसार, उनकी पत्नी सुनीता अहिरवार और दो छोटे बच्चे बीते 25 अप्रैल 2026 से अचानक लापता हैं। काफी तलाश के बाद जब कोई पता नहीं चला, तो 28 अप्रैल को ओरछा रोड थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया गया था। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत दर्ज हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस की जांच अब तक किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है।
गंभीर आरोप: गहने और नकदी भी गायब
एसपी को सौंपी गई शिकायत में मोहन ने गौरगाय ग्राम के एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का कहना है कि उक्त व्यक्ति उसकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। पत्नी के साथ घर में रखे 20 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण भी गायब हैं, जिससे मामला केवल गुमशुदगी का न रहकर साजिश की ओर इशारा कर रहा है।
पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल
परिजनों ने अपने स्तर पर हर संभावित स्थान पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। ओरछा रोड पुलिस की ढीली कार्यप्रणाली से नाराज होकर पीड़ित ने अब एसपी से न्याय की उम्मीद जताई है। मोहन ने मांग की है कि उसकी पत्नी और बच्चों को जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
