जबलपुर: मध्य प्रदेश के तीर्थ यात्रियों के लिए इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन लिमिटेड एक शानदार सौगात लेकर आया है। आगामी 12 जून को इंदौर से पशुपतिनाथ (नेपाल) दर्शन यात्रा के लिए विशेष भारत गौरव डीलक्स एसी ट्रेन रवाना होगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन श्रद्धालुओं को नेपाल के धार्मिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराएगी।
आईआरसीटीसी के संयुक्त महाप्रबन्धक (पर्यटन) राजेंद्र बोरबन ने बताया कि यह ट्रेन मध्य प्रदेश के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे प्रदेशभर के यात्री इसमें शामिल हो सकेंगे। इसके मुख्य स्टॉपेज इंदौर (प्रस्थान स्थल), उज्जैन, शुजालपुर, सीहोर, रानी कमलापति (भोपाल), इटारसी, नरसिंहपुर, जबलपुर, कटनी और सतना रहेगा। यह पूरी यात्रा 9 रातें और 10 दिनों की होगी।
इसमें न केवल काठमांडू स्थित भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन कराए जाएंगे, बल्कि नेपाल के अन्य प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जैसे चितवन राष्ट्रीय उद्यान और पोखरा के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण भी शामिल है। वही इस विशेष ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसका ऑन-बोर्ड रेल रेस्टोरेंट है। यात्रियों को ट्रेन के भीतर ही बने आलीशान रेस्टोरेंट में भोजन परोसा जाएगा। पैकेज सर्व समावेशी है।
