यूएमजी ने फरहान की कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट में 2400 करोड़ रुपये का निवेश किया

मुंबई, (वार्ता) हॉलीवुड म्यूजिक कंपनी यूनिवर्सल म्यूजिक ग्रुप (यूएमजी) ने फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी की एक्सेल एंटरटेनमेंट में करीब 2400 करोड़ रुपये (267 मिलियन अमेरिकी डॉलर) में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी है।

साझेदारी की आधिकारिक घोषणा महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में सोमवार को संवाददाता सम्मेलन में की गयी।

इस मौके पर जारी बयान के अनुसार सौदे के तहत एक्सेल एंटरटेनमेंट के सह-संस्थापक फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी रचनात्मक स्वतंत्रता के साथ-साथ ज्यादातर हिस्सेदारी अपने पास ही रखेंगे। इससे यह सुनिश्चित होगा कि कंपनी का कलात्मक दृष्टिकोण उनके हाथों में बना रहे। वहीं यूएमजी की 30 प्रतिशत की अल्पमत हिस्सेदारी से एक्सेल की फिल्मों, संगीत और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी आगामी परियोजनाओं को नयी रणनीतिक ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

अमेरिका में मुख्यालय और नीदरलैंड में कार्यालय वाला यूएमजी दुनिया की सबसे बड़ी म्यूजिक और एंटरटेनमेंट कंपनियों में से एक है। एक्सेल एंटरटेनमेंट में इस कंपनी का निवेश, किसी भी भारतीय प्रोडक्शन हाउस के लिए अल्पमत हिस्सेदारी वाले सबसे बड़े सौदों में से एक है। इस सौदे से एक्सेल एंटरटेनमेंट की वैल्यू 2,400 करोड़ रुपये बढ़ जायेगी, जिससे फरहान अख्तर के इस बैनर की तरक्की को और गति मिलेगी। साथ ही, इससे भारत जैसे उच्च-विकास वाले और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण बाजार में यूएमआई के घरेलू कामकाज को भी मजबूती मिलेगी।

यह घोषणा तब हुई, जब एक्सेल एंटरटेनमेंट ने अपना 25वां साल पूरा किया है। इसने 2001 में ‘दिल चाहता है’ से शुरुआत की थी। इस बैनर ने पिछले कुछ सालों में कई मशहूर फिल्मों का समर्थन किया है। इनमें डॉन फ्रेंचाइजी, जिंदगी ना मिलेगी दोबारा, गली बॉय और फुकरे सीरीज शामिल हैं।

 

 

 

 

Next Post

पनागर-कुंडम में एक्सीडेंट: चार घायल

Tue Jan 6 , 2026
जबलपुर: पनागर एवं कुंडम थाना क्षेत्र में हुए सडक़ हादसों में चार लोग घायल हो गए।पनागर पुलिस ने बताया कि सोमवार शाम यूसुफ मंसूरी 22 वर्ष निवासी राजा बाबा कुटी हनुमानताल ने रिपोर्ट दर्ज करायी कि वह आटो चलाता है सोमवार को आटो से माल छोडने के लिये पनागर जा […]

You May Like