जबलपुर: महिला यात्रियों की सुरक्षा हेतु रेलवे सुरक्षा बल की मेरी सहेली पहल महिला यात्रियों की सुरक्षा एवं संरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मेरी सहेली पहल दिनांक 17 अक्टूबर 2020 से पूरे भारतीय रेल नेटवर्क पर लागू की जा रही है। इस पहल के अंतर्गत 250 विशेष मेरी सहेली टीमें गठित की गई हैं, जिनमें रेलवे सुरक्षा बल की महिला कर्मचारी शामिल हैं।
ये टीमें प्रतिदिन लगभग 500 ट्रेनों में करीब 13 हज़ार अकेली यात्रा करने वाली महिला यात्रियों की सहायता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करती हैं। वर्तमान में पश्चिम मध्य रेलवे, जबलपुर मंडल में कुल 07 मेरी सहेली टीमें कार्यरत हैं, जो प्रमुख स्टेशनों सतना, कटनी, सागर, दमोह, जबलपुर, मदनमहल एवं पिपरिया पर तैनात हैं। ये टीमें ट्रेन की शुरुआत से लेकर गंतव्य तक की यात्रा के दौरान अकेली महिला यात्रियों से निरंतर संपर्क बनाए रखती हैं तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराती हैं।
