जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत ग्राम मनकेड़ी में पुरानी बिल्डिंग से ईंटें निकालने के दौरान दीवार गिरने से एक मजदूर की मलबे में दबकर हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच के बाद सिंचाई विभाग के कर्मचारी पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार ग्राम मनकेड़ी 40 क्वार्टर निवासी छोटेलाल झारिया ने सूचना दी थी कि वह और उसका साथी धनीराम झारिया (50) नरहर पटेल के यहाँ मजदूरी और ट्रैक्टर चलाने का काम करते थे।
22 मार्च को सुबह करीब 9 बजे, वे दोनों नरहर पटेल के निर्देश पर फील्ड रेस्ट हाउस के पास स्थित पुराने क्वार्टरों से ईंटें बटोरने गए थे। काम के दौरान अचानक एक जर्जर दीवार भरभराकर धनीराम के ऊपर गिर गई थी। मलबे में दबने के कारण धनीराम के चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आईं थी। साथी मजदूर छोटेलाल उसे तुरंत ट्रैक्टर से घर लेकर पहुँचा और एम्बुलेंस को फोन किया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही धनीराम ने दम तोड़ दिया था।
जांच में उजागर हुई लापरवाही
मर्ग जांच के दौरान मृतक के परिजनों और साक्षियों के बयानों से यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी नरहर पटेल, जो स्वयं सिंचाई विभाग में कार्यरत है, ने मजदूरों को जोखिम भरी जर्जर इमारत में काम पर लगाया था। जांच में पाया गया कि इमारत अत्यधिक पुरानी और खतरनाक स्थिति में थी। मजदूरों को काम के दौरान कोई भी सुरक्षा उपकरण जैसे हेलमेट या जैकेट उपलब्ध नहीं कराए गए थे। बिना किसी तकनीकी देखरेख के लापरवाही पूर्वक ईंटें निकलवाई जा रही थीं।
