
इंदौर। डॉ. मोहन यादव शनिवार को इंदौर में आयोजित बहुप्रतीक्षित “आम जत्रा” में पहुँचे तो पूरा आयोजन स्थल आम की खुशबू और रंगों से महक उठा। ढक्कन वाला कुआं स्थित परिसर में महाराष्ट्र के रत्नागिरि ओर इसके आसपास से आए आम उत्पादकों विशेष रूप से हापुस आम और इसकी अलग-अलग किस्मों के आमों की प्रदर्शनी लगाई थी। पीले, केसरिया और हरे रंगों से सजे स्टॉल लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए किसानों से आम की विशेषताओं, स्वाद, उत्पादन तकनीक और बाजार की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के आमों को देखा और किसानों के प्रयासों की सराहना की। आयोजन में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र से आए 24 आम उत्पादकों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए प्रत्येक किसान को सम्मान स्वरूप 11-11 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। यह घोषणा सुनते ही किसानों के चेहरे खुशी से खिल उठे और आयोजन स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम केवल एक फल नहीं, बल्कि किसानों की मेहनत, संस्कृति और स्वाद की पहचान है। आम जात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी भी पहुंचे, जहां उन्होंने विभिन्न किस्मों के आमों का स्वाद लिया और किसानों से सीधे संवाद कर उनके अनुभव सुने।
