भोपाल: प्रदेश में बच्चों को स्कूल से जोड़ने और नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से 1 अप्रैल से स्कूल चलें हम अभियान की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 4 अप्रैल तक प्रदेश भर में संचालित होगा। स्कूल शिक्षा विभाग ने अभियान की तैयारियों को लेकर सभी जिलों के कलेक्टरों और जिला शिक्षाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।
चार दिवसीय अभियान के दौरान रैलियां, जनजागरूकता कार्यक्रम, घर-घर संपर्क और नामांकन अभियान जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों से जोड़कर शिक्षा का दायरा बढ़ाना है।
