सतना : तेज रफ्तार का कहर मैहर जिले के अमरपाटन में उस वक्त देखने को मिला जब बाइक की जबरदस्त ठोकर से किशोर ने दम तोड़ दिया. इतना ही नहीं बल्कि बाइक सवार दोनों लोग भी गंभीर तौर पर घायल हो गए. जिन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया.प्राप्त जानकारी के अनुसार मैहर जिले के अमरपाटन क्षेत्र के ग्राम मडौली में सतना रोड पर स्थित गुरुकुल विद्यालय के निकट 15 वर्षीय बालक अपने घर के बाहर टहल रहा था. बताया गया कि इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक वहां से गुजरी और घर के बाहर टहल रहे किशोर को जबरदस्त ठोकर मार दी.
ठोकर इतनी जबरदस्त थी किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. इसी कड़ी में बाइक सवार भी गिरकर बुरी तरह घायल हो गए. घटना होती देख आस पास मौजूद लोग भाग कर वहां पहुंचे. आनन-फानन में डायल 112 को सूचना दी गई. मौके पर पहुंचे एफआरवी वाहन के स्टॉफ द्वारा फौरन ही 108 एंबुलेंस को मौके पर बुलाकर उसके जरिए तीनों को अमरपाटन स्थित अस्पताल भेजा गया.
जहां पर जांच करने पर चिकित्सक द्वारा 15 वर्षीय किशोर राकेश यादव पिता शिवदास को बा्रॅट डेड घोषित कर दिया गया. वहीं बाइक सवार दोनों घायलों को भर्ती कर उपचार शुरु हुआ. लेकिन उनकी हालत को देखते हुए आगे के उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया. जहां पर भर्ती कर उनका उपचार जारी है. पुलिस द्वारा मृतक किशोर के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया और प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.
