नयी दिल्ली 08 अप्रैल (वार्ता) पथुम निसंका (50), आशुतोष राणा (39) और केएल राहुल (23) के शानदार पारियों के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 51वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आठ विकेट पर 142 रन का स्कोर बनाया।
आज यहां कोलकाता नाइट राइडर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स के लिए पथुम निसंका और केएल राहुल की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट लिए 49 रन जोड़े। पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर कार्तिक त्यागी ने केएल राहुल को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया। राहुल ने 14 गेंदों में चार चौकों की मदद से 23 रन बनाये। इसके बाद कोलकाता के गेंदबाजों ने दिल्ली के बल्लेबाजों पर अपना शिकंजा कस लिया। आठवें ओवर में कैमरन ग्रीन ने नीतीश राणा (आठ) का शिकार कर लिया। 10वें सुनील नारायण को समीर रिजवी (तीन) को आउट किया।
11वें ओवर में अनुकूल रॉय ने पथुम निसंका को आउटकर पवेलियन भेज दिया। पथुम निसंका ने 29 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाते हुए (50) रनों की पारी खेली। इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर अनुकूल ने ट्रिस्टन स्टब्स (दो) को बोल्ड कर दिल्ली को पांचवां झटका दिया। कप्तान अक्षर पटेल 22 गेंदों में 11 रन बनाकर वैभव अरोड़ा का शिकार बने। पारी के आखिरी ओवर में आशुतोष राणा को कार्तिक त्यागी ने आउट किया। आशुतोष रााणा ने 28 गेंदों में तीन चौके और तीन छक्के लगाते हुए 39 रनों की पारी खेली। इसी ओवर में आठवें विकेट के रूप में मिचेल स्टार्क (शून्य) रनआउट हुये। दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में आठ विकेट पर 142 रनों का स्कोर खड़ा किया।
कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए अनुकूल रॉय और कार्तिक त्यागी ने दो- दो विकेट लिये। सुनील नारायण, वैभव अरोड़ा और कैमरन ग्रीन ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
