सैफ अली खान की कर्तव्य का ट्रेलर रिलीज हो गया है। फिल्म में वह पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आएंगे, जो एक पत्रकार की हत्या की जांच के दौरान साजिश और अपने परिवार के बीच उलझ जाता है।
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान की आने वाली क्राइम थ्रिलर फिल्म ‘कर्तव्य’ रिलीज होने के लिए तैयार है। गुरुवार को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया। फिल्म में सैफ एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जो पेशेवर कर्तव्य और व्यक्तिगत जीवन के बीच फंसा हुआ है। 2.25 मिनट का ट्रेलर काफी तनावपूर्ण और नैतिक रूप से उलझी हुई दुनिया की झलक दिखाता है।
कर्तव्य की कहानी पवन यानी सैफ अली खान नाम के एक पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है। पवन की जिंदगी तब बदल जाती है, जब एक पत्रकार की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी जाती है। इस घटना के बाद पवन पर विभागीय जांच बैठ जाती है और उसके करियर पर सवाल उठने लगते हैं। जैसे-जैसे उसके सीनियर अधिकारियों का दबाव बढ़ता है, पवन हमलावर की तलाश में एक जोरदार मुहिम में जुट जाता है, लेकिन यह रास्ता इतना आसान नहीं है। वह धीरे-धीरे सत्ता, रसूख और धोखे के जाल में फंसता चला जाता है।
कर्तव्य का ट्रेलर
इसके साथ ही, उसकी निजी जिंदगी भी बिखरने लगती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि उसके भाई से जुड़े एक पुराने विवाद के कारण अब उसके परिवार को भी धमकियां मिलने लगी हैं। एक तरफ उसे सिस्टम के भ्रष्ट अधिकारियों से लड़ना है, तो दूसरी तरफ अपने बिखरते परिवार को बचाना है। फिल्म का मूल सार इसी बात पर टिका है कि जब इंसान के हर फैसले की एक भारी कीमत चुकानी पड़े, तो वह ‘कर्तव्य’ को चुनेगा या ‘अपनों’ को।
सैफ अली खान की प्रतिक्रिया
फिल्म को लेकर एक्टर सैफ अली खान ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पवन एक ऐसा किरदार है, जो लगातार खुद से लड़ रहा है। उसे समझ में नहीं आ रहा है कि समाज की उम्मीदों पर खरा उतरना है या अंतरात्मा की आवाज सुननी है। कर्तव्य की सबसे खास बात यह है कि कहानी आपको सीधे-सीधे जवाब नहीं देती, बल्कि आपको सोचने पर मजबूर करती है।
कर्तव्य के स्टार कास्ट
निर्देशक पुलकित ने कहा कि कर्तव्य एक ऐसी कहानी है जो ग्रे जोन में चलती है, जहां हर फैसले की एक कीमत चुकानी पड़ती है और निश्चितता हमेशा पहुंच से बाहर रहती है। हमने एक ऐसी जमीनी और जज्बातों से भरी कहानी बनाने की कोशिश की है। ‘कर्तव्य’ में सैफ अली खान के अलावा, रसिका दुग्गल, संजय मिश्रा, जाकिर हुसैन, मनीष चौधरी और सौरभ द्विवेदी जैसे कलाकार शामिल हैं।
