
छतरपुर। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा जवाहर रोड स्थित कल्याण मंडप के पास हुआ, जहां दिल्ली पासिंग टाटा कार सड़क के बीचों-बीच पलट गई। कार में सवार दो युवक वाहन के अंदर फंस गए थे, जिन्हें स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार तेज गति से शहर की ओर जा रही थी, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह पलट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत रेस्क्यू कर दोनों घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
