सतना: नगर पालिक निगम सतना में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत संचालित मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद निगम प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर जनगणना अधिकारी द्वारा ऐसे सभी चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं, जिनके क्षेत्रों में अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ अथवा अत्यंत धीमी गति से संचालित पाया गया।
डॉ.शेर सिंह मीना, मुख्य नगर जनगणना अधिकारी एवं आयुक्त नगर पालिक निगम सतना की समीक्षा में सामने आया कि कुल 433 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक में से केवल 78 पर ही कार्य प्रारंभ हो सका है, जबकि शेष स्थानों पर अब तक कार्य शुरू तक नहीं किया गया। मुख्य नगर जनगणना अधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही, कर्तव्य के प्रति उदासीनता एवं वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की खुली अवहेलना माना।
गौरतलब है कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का फील्ड कार्य 1 मई से 30 मई 2026 तक निर्धारित है। समयसीमा के बावजूद कार्य की बेहद खराब प्रगति पर मुख्य नगर जनगणना अधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। मुख्य नगर जनगणना अधिकारी के निर्देश पर नगर जनगणना अधिकारी एवं उपायुक्त नगर पालिक निगम सत्यम मिश्रा द्वारा जारी नोटिस में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पूछा गया है कि निर्धारित समयावधि के बावजूद कार्य प्रारंभ क्यों नहीं किया गया तथा लक्ष्य पूर्ण करने के लिए अब तक क्या प्रयास किए गए एवं समय सीमा में कार्य पूर्ण करने हेतु आगामी 7 दिवस की कार्ययोजना बताएं।
109 अधिकारियों/कर्मचारियों को नोटिस
नगर जनगणना अधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने अथवा तत्काल कार्य में सुधार नहीं दिखने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जनगणना कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिन अधिकारियों/कर्मचारियों को नोटिस जारी किया गया है उनमें 5 चार्ज अधिकारी, 32 पर्यवेक्षक और 72 प्रगणक सम्मिलित हैं।
