
बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में गुरुवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी। इस फैसले के बाद राज्य की सियासत में हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री ने बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर मंत्रिपरिषद के सदस्यों के साथ नाश्ते पर अहम बैठक बुलाई, जिसमें उन्होंने अपने इस्तीफे के निर्णय की जानकारी मंत्रियों को दी। बैठक में उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार भी शामिल हुए। बैठक के दौरान भावुक माहौल देखने को मिला। बताया जा रहा है कि डीके शिवकुमार ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया, जिसके बाद सिद्धारमैया ने उन्हें गले लगाया। इस घटनाक्रम को सत्ता परिवर्तन के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।
कांग्रेस विधायक अशोक पत्तन ने संकेत दिए हैं कि पार्टी आलाकमान जल्द ही डीके शिवकुमार को राज्य की कमान सौंप सकता है।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि कांग्रेस नेतृत्व अब नेतृत्व परिवर्तन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सूत्रों के अनुसार, सिद्धारमैया ने राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मुलाकात के लिए समय भी मांगा था, लेकिन राज्यपाल पारिवारिक कारणों से फिलहाल बेंगलुरु से बाहर बताए जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री अपना इस्तीफा राजभवन कार्यालय को सौंप सकते हैं। कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कांग्रेस के भीतर बैठकों और चर्चाओं का दौर जारी है।
