इंदौर: सांवेर रोड स्थित एक स्क्रैप गोदाम में शुक्रवार सुबह ट्रांसफार्मर में हुई स्पार्किंग ने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया. आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में खड़े 14 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए. करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद दमकल ने आग पर काबू पाया.फायर ब्रिगेड के एसआई शिवनारायण शर्मा ने बताया कि सुबह करीब 6 बजे ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट के बाद आग लगी, जो पास में रखे ज्वलनशील स्क्रैप तक पहुंचते ही तेजी से फैल गई.
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन संकरे रास्ते के कारण शुरुआत में दिक्कत आई. बाद में जेसीबी की मदद से रास्ता बनाकर आग बुझाने का काम तेज किया और करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. तब तक गोदाम में रखा स्क्रैप पूरी तरह जल गया और 14 दोपहिया वाहन जलकर खाक हो गए.
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि, अचानक उठी तेज लपटों और काले धुएं ने पूरे इलाके को घेर लिया. धुआं करीब तीन किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के रहवासी दहशत में घरों से बाहर निकल आए. हालांकि राहत की बात यह रही कि इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ है. घटना के बाद क्षेत्र में धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा.
