
सिंगरौली। जिले के सरई थाना क्षेत्र अंतर्गत निवास चौकी के कछरा गांव में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही निवास चौकी पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निवास भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। अधिकांश घायलों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सभी ने हेलमेट पहना होता, तो जान-माल का नुकसान कम हो सकता था।
पुलिस के अनुसार मृतक और घायल निवास चौकी क्षेत्र के रजनिया गांव और बरका चौकी अंतर्गत अटारी गांव के निवासी हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला तेज रफ्तार और लापरवाही का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
