इंदौर: गौतमपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बछोड़ा में दो दिन पहले खेत में मिले मजदूर के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. जांच में सामने आया कि समलैंगिक संबंध बनाने से इनकार करने पर आरोपी ने मजदूर की हत्या कर दी. पुलिस ने मामले में गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है.35 वर्षीय बाबू राठौर का शव बछोड़ा रोड किनारे एक खेत में रक्तरंजित हालत में मिला था. शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मृतक की आखिरी गतिविधियों का पता लगाया. जांच में सामने आया कि वारदात से पहले बाबू को गांव निवासी दीपक पिता भारत गुर्जर के साथ देखा गया था.
संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो दीपक ने हत्या करना स्वीकार कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि वह बाबू को खेत में ले गया था, जहां उसने समलैंगिक संबंध बनाने का प्रयास किया. बाबू के विरोध और इनकार करने पर विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने उसकी हत्या कर शव खेत में छोड़ दिया. वारदात के बाद आरोपी गांव छोड़कर नहीं भागा, बल्कि सामान्य तरीके से घर पर ही रहा ताकि किसी को उस पर शक न हो. हालांकि पुलिस को जांच के दौरान मिले तकनीकी साक्ष्यों और अन्य जानकारियों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली.
मामले में जांच जारी है
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में उसने समलैंगिक संबंध बनाने से इनकार करने पर हत्या करना स्वीकार किया है, मामले में आगे की जांच जारी है.
एसडीओपी, संघप्रिय सम्राट
